Sunday, 22 April 2018

राजकीय प्राथमिक पाठशाला रायतखाना में मनाया पृथ्वी दिवस

धरती को बंजर बनने से रोकें , पौधे रोपें: कुसुम कांबोज

पंचायत समिति चेयरपर्सन कुसुम व समाजसेवी ऋषिपाल कांबोज रोपी त्रिवेणी

की पौधरोपण अभियान की शुरूआत

इन्द्री, 22 अप्रैल (गुंजन कैहरबा)
उपमंडल के गांव रायतखाना स्थित राजकीय प्राथमिक पाठशाला में विश्व पृथ्वी दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पंचायत समिति चेयरपर्सन कुसुम काम्बोज ने मुख्यातिथि व समाजसेवी ऋषिपाल कांबोज ने विशिष्ट अतिथि के रूप ने शिरकत की और त्रिवेणी रोप कर पौधरोपण अभियान की शुरूआत की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच किरपाल सिंह व मुख्य शिक्षक देवन्द्र सिंह ने की और मंच संचालन महेन्द्र खेड़ा ने किया।

कुसुम कांबोज ने कहा कि पृथ्वी ही ऐसा ग्रह है, जहां पर जीवन संभव है। मनुष्य एक सामाजिक प्राणी है और हमें कई महत्वूपर्ण संसाधनों के लिए पेड़ों पर निर्भर रहना पड़ता है। एक पेड़ अपने जीवन में कईं हजार लोगों के काम आता है। धरती को बंजर होने से बचाने के लिए अंधाधुंध की जा रही पेड़ों की कटाई पर रोक लगानी चाहिए और अधिक से अधिक पौधे रोपकर मानव व प्राणियों की सुरक्षा करनी चाहिए।
ऋषिपाल कांबोज ने कहा लेकिन मानव के स्वार्थ के कारण पृथ्वी पर पैदा होने वाले जीव-जन्तुओं पर खतरा मंडरा रहा है। भयानक प्रदूषण, प्राकृतिक संसाधनों के बेतहाशा दोहन व लगातार गिरते जल से मानवता खतरे में है। बढ़ती बीमारियां संकेत दे रही हैं कि भविष्य में पृथ्वी पर और अधिक दवाब बढ़ेगा, जिसे हमारी धरती माता सहन नहीं कर पाएगी। महिन्द्र ने कहा कि आज हम सभी को मिलकर अपनी पृथ्वी को बचाने के लिए प्रयास करने होंगे। समारोह में महिलाओं व विद्यार्थियों ने 50 के करीब छायादार व फलदार पौधे रोपे।
इस मौके पर पंचायत समिति सदस्य देवकी, संजय चंदेल, अध्यापक मान सिंह, उधम सिंह, जसवंत बांकुरा, जगदीश भादसों, सुरेश प्रजापत, नरेश काम्बोज, संजय कुमार, सुनील सिवाच, आंगनवाडी वर्कर किरणबाला, आशा वर्कर सुनीता व पुष्पा उपस्थित रहे।

Saturday, 14 April 2018

Pianfull Story of 92 year Charan Dass about Partition of India and displ...

जपती छपरा सिकलीगरान में चलाया स्वच्छता एवं पोलिथीन मुक्ति अभियान

सफाई के लिए बदलें आदत: मलिक

पूर्व महानिदेशक को सफाई करता देख युवा अभियान में जुट गए

इन्द्री, 14 अप्रैल (गुंजन कैहरबा)
गांव जपती छपरा सिकलीगरान में करनाल के पूर्व उपायुक्त एवं पंचायत विभाग के पूर्व महानिदेशक बी.एस. मलिक की अगुवाई में स्वच्छता एवं पोलिथीन मुक्ति अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने गली व नालियों की सफाई की और नारे लगाकर संदेश दिया। अभियान का संयोजन सामाजिक कार्यकर्ता महिन्द्र खेड़ा व अरुण कैहरबा ने किया। मलिक ने कहा कि गांव की सफाई करना एक आदमी का काम नहीं है। ना ही प्रत्येक व्यक्ति के पीछे सफाई कर्मचारी रखा जा सकता है। सफाई रखने के लिए हमें अपनी आदतें बदलनी होंगी। सभी को सजग होना होगा। अपने कूड़े का निस्तारण सही ढ़ंग से करना सीखना होगा। तभी देश सही मायने में विकसित कहलाएगा। उन्होंने कहा कि पोलिथीन, खुले में शौच और कांग्रेस घास स्वच्छता के सबसे बड़े दुश्मन हैं, जिससे अनेक प्रकार की बिमारियां फैल रही हैं। अरुण कैहरबा ने मौजूदा मौसम के दृष्टिगत फैलने वाली बिमारियों के बारे में लोगों को सचेत करते हुए आह्वान किया कि कहीं भी जलभराव ना होनें दें। भरे हुए पानी में पैदा होने वाले मच्छर हमें मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया जैसे जानलेवा रोगों का शिकार बना सकते हैं। छत के ऊपर और घर के आस-पास किसी भी स्थान पर जहां भी पानी खड़ा होने की आशंका हो, उस पर नजर रखें। महिन्द्र खेड़ा ने कहा कि आस-पास की सफाई रखना सभी की जिम्मेदारी है।


अभियान में करनाल से आए बाबा महादेव गिरी, घरौंडा से आए पंजाबी अध्यापक नरेश सैनी, हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के खण्ड प्रधान मान सिंह, सार्थक, अमित, नंबरदार धर्म सिंह तुसंग, ग्रामीण सुबेग सिंह, नंबरदार जरनैल सिंह, शौकीन सिंह, सूरज सिंह, जोगा सिंह, साहिब सिंह, बादल सिंह, सुनील सिंह, किशन सिंह, निर्मल जीत सिंह, सुरजीत सिंह ने अभियान में योगदान दिया।पूर्व महानिदेशक को खुद नालियों से कचरा निकालते देखकर ग्रामीण हैरान हो गए। ग्रामीणों ने अनुभव बताते हुए कहा कि आज तक कोई प्रशासनिक अधिकारी उनके गांव में स्वच्छता का संदेश देने नहीं पहुंचा है। मलिक को अपने हाथों से कार्य करता देख युवा भी उनके साथ जुट गए।